रामपुर। आठ साल पहले जमीन के विवाद में हुई प्रधान के पति की हत्या के मामले में जिला सत्र एवं न्यायाधीश की अदालत ने 23 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। प्रत्येक दोषी पर 1.30 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
हत्या व जानलेवा हमले का यह मामला मिलक कोतवाली क्षेत्र के गंगापुर शर्की गांव का है। क्षेत्र के गंगापुर शर्की गांव निवासी संजीव पांडे की पत्नी सोनू देवी वर्ष 2017 में प्रधान थीं। उनके पति संजीव पांडे व परिवार के अन्य सदस्यों का पड़ोस के गांव के ही कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी विवाद में 22 जुलाई 17 की शाम को संजीव अपने भाई राजीव, ताराचंद्र, बाबूराम के साथ ट्रैक्टर और कार से अपनी जमीन देखने के लिए गंगापुर शर्की के जंगल गए थे। इस बीच घात लगाए बैठे लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी। लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में संजीव और उसके दो भाई घायल हो गए थे।
घटना के बाद घायलों को बरेली ले जाया गया था, वहां इलाज के दौरान संजीव ने दम तोड़ दिया था। इस मामले में पुलिस ने बाबूराम की ओर से 25 नामजद समेत कुल 26 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने तफ्तीश करते हुए 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी।
सुनवाई के बाद जिला सत्र एवं न्यायाधीश भानु देव शर्मा ने घोसीपुर गांव के 23 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई।
-
इनको सुनाई गई सजा
शौकत व उसका बेटा अशरफ, बाबू, अफसर व उसका भाई जफर, भूरा व उसका भाई छुटकन, शराफत, बाबू, चांद बाबू व उसका भाई शहादत, फुर्सत, तस्वीर, नूर हुसैन, नन्हे, फारुख, लियाकत, मोहम्मद अली, जाहिद आलम, जहीर, मेसर अली, शाकिब, उमर अली। सभी निवासी घोसीपुरा थाना मिलक रामपुर।