रामपुर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 23 लोगों ने रक्तदान किया, साथ ही कई युवाओं ने रक्तदान की आवश्यकता पर रक्तदान करने के लिए पंजीकरण भी करवाया।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि अमर उजाला परिवार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ जिस ईमानदारी से अपना कर्तव्य निर्वाहन कर रहा है, उसी प्रकार समाज सेवा और समाज को जागरूक करने का कार्य भी कर रहा है। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रतिवर्ष दो बार रक्तदान शिविर के आयोजन के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व दवा वितरण शिविर भी आयोजित किए जाते हैं, जो कि सराहनीय कार्य हैं।
इसके बाद राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने रक्तदाताओं से बात की और उनकी हौसला अफजाई भी की। शिविर में समर्पण एक प्रयास, मदद एक आस समिति, वीर खालसा सेवा समिति, राष्ट्रीय युवा क्रांति मोर्चा संगठन के सदस्यों ने हर साल की तरह इस बार भी रक्तदान किया। रक्तदान शिविर संचालन में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. शमीम अहमद, इकराम अली, मारुफ, पंकज कुमार, फिरोज, श्रुति श्रीवास्तव, प्रशांत राजौर, मोहसिन उल्ला ने सहयोग किया। शिविर उद्घाटन और सहयोग में सीएमएस डॉ. राकेश मित्तल, सुमित अग्रवाल, अवतार सिंह, काशिफ खां, प्रतीक शर्मा, इंजीनियर नलिन सिंह, चंदन रस्तोगी आदि शामिल रहे।