रामपुर। मंडलीय समन्वयक और जिला समन्वयक मिड डे मील ने गुरुवार को जिले में मिड डे मील की गुणवत्ता और मानकों की जांच की। टीम ने तीन एनजीओ की रसोईघर और पांच स्कूलों में मिड- डे मील व उससे संबंधित अभिलेखों की जांच की। इस दौरान दो स्थानों पर मैन्यू के अनुसार मिड- डे मिल वितरण नहीं पाया गया।
मंडलीय समन्वयक मिड डे मील विवेक शर्मा और डीसी मिड डे मील राहुल सक्सेना ने गुरुवार को नगर क्षेत्र में अनम महिला समिति, अजीज इस्लामिया और यूनाइटेड विकास समिति के रसोईघर का औचक निरीक्षण किया। इन तीनों एनजीओ के रसोईघरों से नगर क्षेत्र के स्कूलों में मिड डे मील भेजा जाता है। निरीक्षण में तीनों रसोई घर सही पाए गए, इसके बाद टीम ने नगर स्थित खारी कुआं इंटर कालेज में मिड डे मील की जांच की तो यहां पर मैन्यू के अनुसार मिड डे मील नहीं पाया गया। जिस पर स्टाफ को मीनू के अनुसार मिड डे मील बनाने के लिए कहा गया। इसके बाद टीम ने शाहबाद क्षेत्र के पटवाई प्रथम व द्वितीय प्राथमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय पटवाई का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सब कुछ सामान्य मिला। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय नरखेड़ी का निरीक्षण किया, यहां पर भी मिड डे मील मीनू के अनुसार नहीं मिला साथ ही मिड डे मील से संबंधित अभिलेख भी नहीं मिले। जिस पर चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद टीम ने नरखेड़ा प्राइमरी व जूनियर हाईस्कूल का निरीक्षण किया लेकिन, यहां पर सब कुछ सही मिला।