.. तो योगी के राज्यमंत्री को याद नहीं वंदेमातरम
रामपुर। वंदेमातरम को लेकर देश-प्रदेश में जोरदार बहस चल रही है। प्रदेश की योगी सरकार ने वंदेमातरम को लेकर मदरसों के लिए तो आदेश ही जारी कर दिया है। सीएम योगी के साथ सरकार के मंत्री वंदेमातरम की अनिवार्यता पर जोर दे रहे हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि योगी के राज्यमंत्री वंदेमातरम की चार लाइन भी नहीं सुना पाए। सूबे के राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख का एक निजी न्यूज चैनल को दिया इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है। इंटरव्यू में राज्यमंत्री से वंदेमातरम की चार लाइन सुनाने को कहा जा रहा है, लेकिन उनके द्वारा वंदेमातरम नहीं सुनाया जा रहा है।
प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण एवं यांत्रिकी सिंचाई राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। राष्ट्रपति उम्मीदवार के नाम को लेकर राज्यमंत्री की फेसबुक वॉल पर की गई पोस्ट के चलते वह पहले भी चर्चाओं में आ चुके हैं। अब उनका एक निजी न्यूज चैनल को दिया गया इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इंटरव्यू में वंदेमातरम की डिबेट में राज्यमंत्री भी जुड़े हुए हैं। डिबेट में राज्यमंत्री से बार-बार वंदेमातरम की चार लाइन सुनाने को कहा जा रहा है। जिसके जवाब में वह वंदेमातरम नहीं सुना पा रहे हैं। राज्यमंत्री एंकर से बार-बार कह रहे हैं कि आप आ जाइये मैं आपको सुना दूंगा। जिस पर एंकर उसने चार लाइन वंदेमातरम की सुनाने को बार-बार कहा जा रहा है। राज्यमंत्री कह रहे हैं कि पूरे हिंदुस्तान में राष्ट्रगान व राष्ट्रगीत वंदेमातरम हर नागरिक को गाना चाहिए। जिस पर एंकर उनसे बार-बार चार लाइनें सुनाने के लिए कह रहा है। राज्यमंत्री किसी के सर्टिफिकेट न लेने की बात कह रहे हैं। उनके डिबेट रोकने के बाद वंदेमातरम सुनाने की बात पर एंकर द्वारा डिबेट रोक देने की बात कहते हुए वंदेमातरम सुनाने का अनुरोध किया लेकिन, वह नहीं सुना पाए।