सर्दी और शून्य दृश्यता वाले कोहरे से टूटी यात्रियों की हिम्मत, कम हो रही यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। बढ़ते कोहरे और कड़ाके की ठंड से लोगों की सफर करने की हिम्मत टूटने लगी है। महज 13 दिन में ही 215 यात्रियों ने अपने टिकट रद्द करा दिए, जिस पर रेलवे को 2.53 लाख रुपये रिफंड करना पड़ा है। शून्य दृश्यता के कारण कई बार हादसे होने से लोग अब घूमने-फिरने की बजाय घरों में रहना ही ज्यादा सुरक्षित समझ रहे हैं।
रामपुर रेलवे स्टेशन पर पिछले महीने जहां यात्रियों की भीड़ रहती थी, वहीं अब स्टेशन और ट्रेनों दोनों में भीड़ कम हो गई है। ट्रेनों के प्रत्येक कोच में सीटें खाली मिल रही हैं। योगनगरी ऋषिकेश ट्रेन में एसी व सामान्य दोनों कोचों में सीटें खाली रहीं, जबकि अवध असम में भी भीड़ कम दिखाई दी। हालांकि डाउन गाड़ियों में कुछ भीड़ देखने को मिली।
शून्य दृश्यता के साथ पड़ रहे घने कोहरे ने आमजन की रफ्तार थाम दी है। इसी वजह से रामपुर रेलवे स्टेशन से बुक कराए गए टिकट बड़ी संख्या में वापस कराए जा रहे हैं। इसी महीने के 13 दिनों में सबसे अधिक टिकट 22 दिसंबर को रद्द कराए गए, जब भीषण कोहरा पड़ा था। सर्दी के इन 13 दिनों में 215 टिकट रद्द हुए और रेलवे को यात्रियों को 2.53 लाख रुपये लौटाने पड़े।
तिथि टिकट रद्द रिफंड
11 दिसंबर 15 28000
12 दिसंबर 15 24725
13 दिसबर 13 15765
14 दिसंबर 5 12000
15 दिसंबर 22 30500
16 दिसंबर 15 16865
17 दिसंबर 13 32147
18 दिसंबर 9 7310
19 दिसंबर 21 5685
20 दिसंबर 13 11430
21 दिसंबर 13 9290
22 दिसंबर 31 42905
23 दिसंबर 30 10747
-
215 टिकट रद्द - 2.53 लाख
-
दून, सत्याग्रह, सरयू यमुना, इंटरसिटी और बाघ एक्सप्रेस घंटों देर से पहुंचीं
रामपुर। शहर में बुधवार को ट्रेनों की लेटलतीफी कम नहीं रही। दून एक्सप्रेस ट्रेन का निर्धारित समय 1:34 का है, जबकि यह ट्रेन एक घंटा सात मिनट देरी से पहुंची। सत्याग्रह एक्सप्रेस का निर्धारित समय 3:17 का है, जबकि यह ट्रेन एक घंटा 33 मिनट देरी से आई।
सरयू यमुना एक्सप्रेस का निर्धारित समय 5:14 का है, जबकि यह ट्रेन तीन घंटा 21 मिनट देरी से पहुंची। इंटरसिटी का निर्धारित समय 5:54 का है और यह ट्रेन पांच घंटे की देरी से आई। बाघ एक्सप्रेस का निर्धारित समय 6:10 का है और यह ट्रेन तीन घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची। संवाद
वर्जन
कोहरा और ठंड काफी है। शून्य दृश्यता के साथ कोहरा होने से ट्रेनें लेट हो रही हैं। लोग टिकट भी रद्द करा रहे हैं, रेलवे की ओर से रिफंड किया जा रहा है। -मो. आजम, स्टेशन अधीक्षक, रामपुर