जिदंगी की डोर को तोड़ रहा चीनी मांझा
रामपुर। चीनी मांझे ने लोगों की जान को सांसत में डाल दिया है। पुलिस व प्रशासन की अनदेखी की वजह से चीनी मांझे की डोर जिदंगी की डोर को तोड़ रही है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कब तक चीनी मांझा लोगों के लिए मुसीबत बनता रहेगा। पुलिस भले ही कुछ भी दावे कर ले,लेकिन चीनी मांझे की बिक्री थम नहीं रही है। पतंगों की दुकानों पर चीनी मांझा बिक रहा है,लेकिन किसी को नजर नहीं आ रहा है।
चीनी मांझा बेहद ही खतरनाक होता है। इस पर सुप्रीम कोर्ट से लेकर केंद्र व यूपी सरकार पूरी तरह प्रतिबंध लगा चुकी है। इसके बाद भी यह आदेश बौने साबित हो रहे हैं। पुलिस व प्रशासन की लापरवाही से चीनी मांझे की बिक्री जोरशोर से हो रही है, लेकिन प्रशासन इस तरह की घटनाओं को लेकर गंभीर नहीं हो रहा है। चीनी मांझे की बिक्री को रोकने के लिए छापेमारी अभियान चलाया जाता है, लेकिन इसके बाद भी प्रतिबंधित मांझे की बिक्री रुक नहीं रही है। चीनी मांझे से अब तक तीन लोगों की जान चुकी है, जबकि तमाम लोगों की जान पर बन आई है। चीनी मांझे से जान जाने का तीसरा मामला शुक्रवार को सामने आया था। कारचोब कारीगर के बेटे की उस वक्त मौत हो गई थी,जब वह चीनी मांझे की डोर में बंधी पतंग को ट्रांसफार्मर से निकाल रहा था। प्रशासन के दावों की मानें तो चीनी मांझा कहीं नहीं बिक रहा है। यदि उनकी बातों पर यकीन भी कर लिया जाए तो सवाल यह उठता है कि बाजार में चीनी मांझा कहां से आ रहा है। इसका जवाब किसी के पास नहीं है।
000
पतंगों की दुकान पर बिक रहा चीनी मांझा
रामपुर। चीनी मांझा बेहद ही खतरनाक होता है। चीनी मांझे से अब तक साल भर में ही 50 से ज्यादा लोग जख्मी हो चुके हैं। बाइक सवारों के लिए चीनी मांझा काफी खतरनाक साबित होता है। खुली सड़क पर मौत का मांझा किसी पर भी गिर जाता है और उसके लिए जानलेवा साबित होता है। मौत के मांझे की बिक्री शहर में पतंगो की दुकानों पर साफ तौर पर देखी जा सकती है।
000
चीनी मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है। जिले में कहीं भी मांझे की बिक्री नहीं हो रही है। यदि कहीं चीनी मांझे की बिक्री होती हुई पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
शिव सहाय अवस्थी, जिलाधिकारी
000
-चीनी मांझे की बिक्री को रोकने के लिए पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाए जाते हैं। कहीं भी यदि इस तरह के मांझे की बिक्री होती हुई मिलती है तो सख्त कार्रवाई होगी।
डा.विपिन ताडा, पुलिस अधीक्षक