यूपीटीईटी परीक्षा: प्रश्न पत्रों के खोलने और परीक्षा की होगी वीडियो रिकार्डिंग
रामपुर। यूपीटीईटी परीक्षा की प्रश्न पत्र खोलने से लेकर परीक्षा के दौरान तक वीडियो रिकार्डिंग की जाएगी। इसके साथ ही नकल करने या उत्पात करने वाले परीक्षार्थी आजीवन शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। किसी परीक्षा केंद्र पर नकल कराए जाने की पुष्टि पर उस परीक्षा केंद्र और डयूटी में लगे कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई जाएगी।
यूपीटीईटी परीक्षा 15 अक्तूबर को जिले में नौ परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। सुबह दस बजे से साढ़े बारह बजे और दोपहर ढाई बजे से शाम पांच बजे तक दो पालियों में होने वाली परीक्षा में करीब नौ हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के साथ-साथ पुलिस-प्रशासन द्वारा भी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक जेके वर्मा ने बताया कि परीक्षा के संबंध में मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। जिनमें परीक्षा से पूर्व प्रश्न पत्र खोले जाने से लेकर परीक्षा के दौरान तक की वीडियो रिकार्डिंग कराने के लिए कहा गया है। इस वीडियो रिकार्डिंग की एक सीडी उत्तर पुस्तिकाओं के साथ परीक्षा नियामक को भेजनी होगी। जबकि, एक सीडी जिला विद्यालय निरीक्षक और एक सीडी केंद्र पर रहेगी। जिविनि ने बताया कि परीक्षा के दौरान नकल या उत्पात करते हुए पकड़े जाने पर संबंधित परीक्षार्थी को आजीवन शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। साथ ही संबंधित परीक्षा केंद्र के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशिक्षण योग्यता के अंक पत्र की सत्यापित प्रति भी मान्य
रामपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक जेके वर्मा ने बताया कि टीईटी परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रशिक्षण योग्यता के मूल अंक पत्र न होने पर परीक्षार्थी संबंधित प्रशिक्षण संस्था के रजिस्ट्रार या सक्षम अधिकारी द्वारा सत्यापित छायाप्रति भी ला सकते हैं। इस पर उन्हें परीक्षा में शामिल होने दिया जाएगा।