अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। श्रीखंड यात्रा के दौरान सोमवार शाम से लापता युवक का रविवार शाम तक भी कोई पता नहीं लग पाया। बीते चार दिन से चंडीगढ़ के युवा अभिषेक खरबंडा की तलाश में गई रेस्क्यू टीम के हाथ खाली हैं। इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है। जिला प्रशासन युवक को ढूंढने के लगातार प्रयास कर रहा है। प्रशासन हेलिकॉप्टर से भी युवक की तलाश करना चाहता है लेकिन खराब मौसम के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा है। धूंध के कारण हेलिकॉप्टर भुंतर एयरपोर्ट में लैंड नहीं कर पा रहा है।
रविवार को दो ट्रायल देने के बाद भी प्रशासन को सफलता नहीं मिल पाई है। प्रशासन सोमवार को फिर से हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू की कोशिश करेगा। युवक की तलाश को गए पहले रेस्क्यू दल के बाद रविवार को सात लोगों का दूसरा लोकल ट्रेंड रेस्क्यू दल भी भेजा गया है। इसमें पुलिस जवान भी मौजूद हैं। बुधवार से भांजे की तलाश में आए मामा अरविंद धवन और राजेंद्र धवन परेशान हैं। उपायुक्त कुल्लू यूनुस का कहना है कि युवक को ढूंढने के प्रयास जारी हैं। खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू शुरू नहीं हो पा रहा है।
---
बेहद कठिन है श्रीखंड महादेव यात्रा
श्रीखंड महादेव यात्रा को देश की सबसे कठिन यात्राओं में से एक माना जाता है। श्रद्धालुओं को 35 किमी का पैदल सफर करना पड़ता है। छोटे-बड़े ग्लेशियरों को पार कर जोखिम भरे संकरे रास्तों से गुजरना पड़ता है। छोटी सी चूक भी यहां जान पर भारी पड़ सकती है। ऑक्सीजन की कमी से भी जान का जोखिम बना रहता है। इस बार ट्रस्ट और जिला प्रशासन की देखरेख में यात्रा 15 जुलाई से शुरू होगी। यात्रियों का अंतिम जत्था 25 जुलाई को रवाना होगा।