रामपुर बुशहर।
छात्रों की समस्याओं को लेकर एबीवीपी इकाई रामपुर ने कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही एबीवीपी ने जमकर नारेबाजी भी की। कॉलेज में पहले, तीसरे और पांचवें सत्र के छात्र-छात्राओं की फीस जमा नहीं होने पर विरोध जताया। आरोप है कि छात्रों को फीस जमा कराने के लिए शिमला के चक्कर कटाए जा रहे हैं।
एबीवीपी इकाई अध्यक्ष अभी राणा ने कहा कि बीते चार दिनों से रामपुर कॉलेज में पहले, तीसरे और पांचवें सत्र के विद्यार्थियों की फीस जमा नहीं की जा रही है। रामपुर कॉलेज से विद्यार्थियों को फीस जमा करवाने विश्वविद्यालय शिमला भेजा जा रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को मुश्किल हो रही है। इसके चलते कॉलेज परिसर में प्रदर्शन कर रोष व्यक्त किया गया। इकाई ने रामपुर कॉलेज से ज्यूरी कॉलेज के लिए प्राध्यापकों के तबादलों को लेकर भी रोष प्रकट किया। कहा कि ज्यूरी कॉलेज में एक भी छात्र नहीं है। बावजूद इसके रामपुर कॉलेज से प्राध्यापकों का तबादला ज्यूरी क्यों किया गया। रामपुर कॉलेज पहले ही शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है। एबीवीपी ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द छात्रों की समस्याओं का समाधान किया जाए, ताकि छात्रों को राहत मिल सके। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष आकाश नेगी, मनजीत नेगी, निखिल भारद्वाज, मोनिका नेगी, रवि शर्मा, राकेश और दीपक मेहता सहित इकाई के कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।