वीडियो दिखाकर किसानों को दोगुनी आय करने के दिए टिप्स
अमर उजाला ब्यूरो
धमौरा (रामपुर)। कृषि विभाग की ओर से वीडियो दिखाकर किसानों को आय दोगुनी करने के टिप्स दिए गए। केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही किसानों को संकल्प से सिद्धि की शपथ भी दिलाई।
सोमवार को कृषि विज्ञान केंद्र धमोरा में आयोजित न्यू इंडिया, संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम में सांसद डॉ. नेपाल सिह ने कृषकों को संकल्प से सिद्धि की शपथ दिलाई। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रहीं मृदा परीक्षण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री सिंचाई योजना आदि के बारे में बताया। इसके बाद कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को फसल, सब्जी, संतुलित उर्वरकों का प्रयोग करने, खाद्य भण्डारण, प्रसंस्करण, मुर्गीपालन आदि विषयों पर तकनीकी जानकारी दी। केन्द्र अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकान्त ने खाद्य प्रसंस्करण, फसलों के उत्पाद एवं उत्पादकता के साथ-साथ सहायक गतिविधियों जैसे मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, बकरी पालन, मुर्गी पालन आदि के बारे में बताया। कहा कि इससे किसान की आय दोगुनी हो सकती है। कृषि उप निदेशक डॉ. ब्रजेश चन्द्रा ने कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रहीं समस्त योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी। इस अवसर पर कृषि प्रर्दशनी भी लगाई गई, जिसमें करीब आठ सौ किसानों ने प्रतिभाग किया। डॉ. मनोज सिंह सभी का अभार जताया। डॉ. अमित चैधरी, डॉ. रवीन्द्र कुमार, डॉ. मनोज सिंह, डॉ. सुनीता पन्त आदि मौजूद रहे।