राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक आदर्श पाठशाला नेरवा में चल रही छात्र वर्ग की अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के वॉलीबाल में रूसलाह स्कूल, कबड्डी में गुम्मा स्कूल विजेता रहे। समापन समारोह में वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल धबास के प्रधानाचार्य राकेश चंद्रा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया।
वरिष्ठ वर्ग के वालीबाल में रावमापा रुसलाह ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल दईया को हराया। कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुम्मा ने बिजमल स्कूल को शिकस्त दी। खो-खो में सीसे स्कूल शामठा व राजकीय माध्यमिक स्कूल हलाउ को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। बैडमिंटन के रोमांचक फाइनल मुकाबले में नेरवा स्कूल ने रुसलाह को मात दी। कनिष्ठ वर्ग वॉलीबाल के फाइनल मुकाबले में हिमाद्रि पब्लिक स्कूल ने जीत दर्ज की। कबड्डी में एसडी पब्लिक स्कूल नेरवा को हरा कर नेरवा पब्लिक स्कूल विजेता रहा। बैडमिंटन के अंतिम मुकाबले में हिमाद्रि स्कूल ने नेरवा पब्लिक स्कूल को हराया। खो-खो में हाई स्कूल कांडा ने एसडी पब्लिक स्कूल नेरवा को मात दी। लोक नृत्य, समूह गान व एकल गान में नेरवा स्कूल विजेता रहा। भाषण प्रतियोगिता में शामठा स्कूल अव्वल रहा। मुख्यातिथि राकेश चंद्र ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए 41 हजार रुपये प्रदान किए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केदी के प्रधानाचार्य लोकेश नेगी ने बतौर विशेष अतिथि 16 हजार रुपये दिए। मुख्यातिथि ने विजेता टीमों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता के समन्वयक व स्कूल प्रधानाचार्य केवल राम चौहान ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए समस्त टीम प्रभारियों, व्यापर मंडल नेरवा, खिलाड़ियों, प्रतियोगिता के पदाधिकारियों, एसएमसी, स्कूल स्टाफ व स्थानीय लोगों का आभार जताया।