रामपुर। बुधवार को हाईस्कूल की 10981 और इंटर की 7209 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। बरेली के जेडी मनोज कुमार द्विवेदी ने दोनों मूल्यांकन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
पांचवें दिन भी राजकीय रजा इंटर कॉलेज और राजकीय मुर्तजा इंटर कॉलेज में सुबह नौ बजे मूल्यांकन शुरू हुआ। राजकीय रजा इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर इंटर मीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है। मूल्यांकन केंद्र के उपनियंत्रक डॉ. अरविंद गौतम ने बताया कि बुुधवार को इस केंद्र पर 7209 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। इस केंद्र पर अब तक 22021 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। बुधवार को इस केंद्र पर 126 परीक्षक और 13 उप प्रधान परीक्षक गैर हाजिर रहे। राजकीय मुर्तजा इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र के उपनियंत्रक चंद्रशेखर यादव ने बताया कि बुधवार को इस केंद्र पर 10981 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। अब तक इस केंद्र पर 38641 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। इस केंद्र पर 170 परीक्षक और चार उप प्रधान परीक्षक गैर हाजिर रहे। वहीं, जेडी बरेली ने दोनों मूल्यांकन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जेडी ने दोनों केंद्रों के उप नियंत्रकों को रोजाना जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं की ऑनलाइन फीडिंग उसी दिन करने के निर्देश दिए।