कोर्ट के आदेश पर विवादित जमीन की नापजोख
रामपुर। अवैध तरीके से जमीन कब्जाने के मामले में कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को जमीन की नापजोख की गई। इस मामले में पूर्व मंत्री आजम खां और उनकी सांसद पत्नी तजीन फात्मा पर जमीन कब्जाने का आरोप लगा है। जमीन की नापतौल की रिपोर्ट अब कोर्ट में पेश की जाएगी।
शहर के मुहल्ला जीना इनायज खां निवासी माजिरा बेगम ने पूर्व मंत्री आजम खां और उनकी सांसद पत्नी पर पसियापुरा गांव में छह बीघा जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि आजम खां व उनकी पत्नी ने उसकी खेती योग्य जमीन को हड़प कर उसका रास्ता भी बंद कर दिया। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट ने इस मामले में जमीन की नापतौल करने के आदेश दिए थे। इस आदेश के बाद कोर्ट ने एक पैनल गठित करते हुए इस जमीन की नापतौल का काम कराया। शुक्रवार को दोपहर के वक्त अधिवक्ताओं की मौजूदगी में पसियापुरा के पास टीम ने नापतौल कराई। अधिवक्ता राम सिंह लोधी ने बताया कि कोर्ट ने जमीन की नापतौल करने का आदेश दिया था, जिसके बाद शुक्रवार को नापतौल की गई। कोर्ट कमिश्नर की देखरेख में की गई नापतौल की रिपोर्ट अब कोर्ट में पेश की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।