रिकांगपिओ (किन्नौर)।
प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने पूह उपमंडल के दो दिवसीय दौरे के दौरान चांगों में एक करोड़ 25 लाख से निर्मित कला मंच, 95 लाख की लागत से तैयार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के भवन और एक करोड़ 20 लाख रुपये से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा पर विशेष रूप से जोर दे रही है। जिले में वर्ष 2016 और वर्ष 2017 में जवाहर लाल श्रेष्ठ विद्यालय योजना के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रथम तीन प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों को चार लाख की राशि आवंटित की गई है।
जिले में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रकार की छात्रवृत्तियां प्रदान की जा रही हैं। प्रदेश सरकार ने जिले में 22 लाख 40 हजार रुपये की छात्रवृत्तियां प्रदान की हैं। इस समय जिले में 31 वरिष्ठ माध्यमिक एवं 21 उच्च पाठशालाएं चल रही हैं। सरकार ने चार पाठशालाओं को स्तरोन्नत कर वरिष्ठ एवं चार माध्यमिक पाठशालाओं को स्तरोन्नत कर उच्च पाठशाला बनाया है। शिक्षा विभाग में 9538 पद भरे गए और 6937 शिक्षक नियमित किए। सरकारी स्कूलों और केंद्रीय विद्यालयों के सभी विद्यार्थियों को परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इस दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह चंदन कपूर, किनफेड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एमआर नेगी, बीडीसी अध्यक्ष थुपदन खेडूप टकरिमा, उप प्रधान चांगो प्रवीण नेगी और स्थानीय पंचायतों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।