रामपुर। स्वीप कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद के समस्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में क्वीज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने भी सैंटमेरी सीनियर सेकेण्टरी स्कूल एवं हजरतपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर क्वीज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले बच्चों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें मतदान के महत्व के बारे में बताया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान का अधिकार एक ऐसा अधिकार है जो देश के अमीर और गरीब दोनों तबकों के लोगों को समान रूप से प्रदान किए गए हैं तथा उनके मत का भी समान महत्व है। बच्चे देश के भविष्य को निर्धारित करते हैं, इसलिए उनमें जागरूकता बहुत जरूरी है। 23 अप्रैल को मतदान के दिन अपने परिजनों एवं आस पास के लोगों को मतदान केन्द्र पर जाने के लिए प्रोत्साहित करें। देश के जिम्मेदार नागरिक का यह परम कर्तव्य है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर राष्ट्र के निर्माण में एवं अपने बच्चों के भविष्य के निर्धारण में अपनी अहम भूमिका निभाएं। उन्होंने बच्चों से बात भी की तथा भविष्य में कड़ी मेहनत करके जीवन में सफल होने के लिए मार्गदर्शन भी दिया।