कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
नारकंडा में आढ़तियों द्वारा मनमाने ढंग से बागवानों से वसूली जा रही लोडिंग-अनलोडिंग फीस, बागवानों को समय पर भुगतान न होने का मामला एसडीएम के सामने रखा गया। एसडीएम ने कहा कि बागवानों की रकम का समय पर भुगतान न करने वाले आढ़तियों को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। उन्होंने बागवानों के सेब की खुली बोली लगाने के निर्देश भी दिए।
एसडीएम कार्यालय में सोमवार को एक बैठक का आयोजन किया गया। सेब उत्पादक संघ के अध्यक्ष राकेश सिंघा और किसान सभा नारकंडा के केशवराम ने बताया कि नारकंडा में मार्केटिंग यार्ड का निर्माण किया जाना जरूरी है। सेब सीजन के दौरान बागवानों से आढ़तियों की ओर से लोडिंग और अनलोडिंग के नाम पर अतिरिक्त फीस वसूली जा रही है। रुमाल के नीचे बोली लगाकर बागवानों से धोखा किया जा रहा है। बागवानों को उनकी फसल का भुगतान समय पर नहीं हो रहा है। कई ऐसे भी आढ़ती हैं, जो बिना लाइसेंस ही मंडी लगाकर सेब खरीद रहे हैं। बागवानों की फसल का भुगतान न कर भाग जाते हैं। ऐसे में बागवान लुट रहे हैं। एसडीएम कुमारसैन नीरज गुप्ता ने निर्देश दिए कि बागवान से लोडिंग और अनलोडिंग का शुल्क तय रेट से अधिक वसूला जा रहा है तो इस बारे में एपीएमसी और कृषि विभाग कड़ी कार्रवाई करे। बागवानों को समय पर उनकी फसल की रकम की अदायगी की जानी चाहिए। ऐसा न करने पर बागवान स्थानीय प्रशासन और एपीएमसी में शिकायत दर्ज करें। इस दौरान किसान संघ नारकंडा के प्रधान केशवराम फौजी, सचिव राकेश कनाहर, जिला कृषि अधिकारी महेंद्र भवानी, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान कुलदीप मेहता, उद्यान विकास अधिकारी देवराज कायथ, एसएचओ कुमारसैन देशराज गुलेरिया और कई बागवान मौजूद रहे। कंवर