मेडिकल स्टोर संचालक पर झोंका फायर, गंभीर
पटवाई/रामपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात मेडिकल स्टोर संचालक को घर पर गोली मार दी। बदमाश ने उसे आवाज देकर बाहर बुलाया और दरवाजा खोलते ही फायर झोंक दिया, जिससे मेडिकल स्टोर संचालक मौके पर ही गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर परिजन भी जाग गए, लेकिन तब तक गोली मारने वाला भाग गया। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में भी ले लिया है।
पटवाई थाना क्षेत्र के गांव सूरजपुर के निकट मोहम्मद इमरान और इसका भाई मोहम्मद उस्मान अपने परिवार के साथ रहता है। मोहम्मद उस्मान पटवाई में मेडिकल स्टोर संचालित करता है। मोहम्मद इमरान के अनुसार शनिवार रात को लगभग दो बजे एक अज्ञात युवक ने दरवाजे पर उस्मान को आवाज दी। उस्मान ने जैसे ही दरवाजा खोला, वैसे ही अज्ञात युवक ने उस पर गोली चला दी। जिससे उस्मान मौके पर ही गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन हड़बड़ाकर जाग गए और मौके पर पहुंचे तो उस्मान को खून में लथपथ देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उस्मान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। इ
सके बाद परिजन उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में ले गए। सूचना पर एएसपी सुधा सिंह और सीओ मिलक ओपी आर्य भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शक के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में भी लिया है।