रामपुर। जमातियों के संपर्क में आए सैफनी के 15 लोगों सहित 17 व्यक्तियों को सोमवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। इन सभी की कोरोना की जांच निगेटिव आई थी। इसके बाद भी ये सभी लोग अपने घरों में 14 दिनों तक क्वारंटीन रहेंगे।
उत्तराखंड के कुछ जमाती मुरादाबाद से वापस जाते समय सैफनी की मस्जिद में रुके थे। इन जमातियों को रुद्रपुर में जाते समय उत्तराखंड की पुलिस ने रोक लिया और सभी की कोरोना की जांच कराई गई थी। तीन जमातियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद सैफनी में उनके संपर्क में आए 15 लोगों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। सभी के सैंपल जांच को भेजे गए थे। रविवार को सभी लोगों की रिपोर्ट आ गई थी जो निगेटिव थी। इसके इन सभी को जिला अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इन सभी लोगों को 14 दिनों तक अपने घर में होम क्वारंटीन रहने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा दो अन्य लोगों को भी जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से डिस्चार्ज कर दिया गया है, इनकी कोरोना की जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।