रामपुर। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में 1123 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जबकि, 2058 बूथ हैं। इन बूथों पर 17.04 लाख मतदाता अपने मताधिकारी का प्रयोग करेंगे। इनमें से 1029 बूथों पर चुनाव आयोग को सीधे वेबकास्टिंग की जाएगी, जिससे आयोग बूथों पर मतदान की स्थिति के बारे में जानकारी ले सके। बूथों पर सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ ही अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है।
रामपुर में सोमवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। इसके लिए जिले में 44 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला कल तय होगा। इसके लिए जिले में 1123 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 2058 मतदेय स्थल बने हैं। जिले में 1704792 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 798584 महिला मतदाता शामिल हैं, जबकि 906015 पुरुष मतदाता हैं। 193 अन्य वोट हैं। इसके अतिरिक्त 371 बूथों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। इसके अलावा 1029 बूथों पर वेबकास्टिंग होगी। 11 मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों का इंतजाम किया गया है। 240 बूथों पर वीडियोग्राफी की जाएगी जबकि, 28 सखी बूथ बनाए गए हैं। वहीं, चुनाव के लिए प्रशासन की ओर से 154 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तैनात किया गया है जबकि, 25 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट रिजर्व रखे गए हैं जबकि, छह जोनल मजिस्ट्रेटों को आरक्षित किया गया है।