रामपुर। मदर्स डे के अवसर पर राष्ट्रीय युवा क्रांति मोर्चा की ओर से पक्षियों के लिए दाना-पानी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सदस्यों ने गांव-गांव जाकर विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए मिट्टी के पात्रों में दाना और पानी रखा।
इस मौके पर संगठन के सदस्य कबड्डी खिलाड़ी सुनील यादव ने सभी से अपील करते हुए कहा कि कोई भी पशु-पक्षी इस असहनीय गर्मी का शिकार न हो। आपकी थोड़ी सी सहायता उनके जीवन में खुशियां ला सकती है। इस समय नदी-नाले, जलाशय तेजी से सूख रहे हैं, ऐसे में बेजुबान जानवरों के लिए जीवन यापन कठिन हो गया है। आप लोगों का सहयोग इन बेजुबानों का जीवन बचा सकता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सभी अपनी छतों, बालकनी पर मिट्टी के बर्तन में दाना-पानी जरूर रखें। इस अवसर पर लीलाधर सिंह, ज्ञान सिंह, वीर सिंह, अमर सिंह ,सत्यपाल सिंह, गंगाराम सिंह, महावीर सिंह, सुदेश, जगदीश, अभिषेक, योगेश, राहुल, विशाल, अतुल, आदि लोग मौजूद रहे।