रामपुर। पुलिस भर्ती के तहत पुलिस कर्मियों का प्रशिक्षण अब 11 जुलाई से शुरू होगा। इसके लिए इस दफा प्रशिक्षार्थियों की संख्या 450 कर दी गई है। प्रशिक्षण के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यूपी में 2015 में 41 हजार सिपाहियों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब इस प्रक्रिया के तहत चयनित किए गए सिपाहियों का प्रशिक्षण दो जुलाई से प्रदेश भर में पुुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालयों के साथ ही पुलिस लाइन में शुरू होना था। रामपुर में भी यह प्रशिक्षण प्रस्तावित था,लेकिन उस वक्त यह प्रशिक्षण नियुक्ति पत्र जारी न होने की वजह से टल गया था। अब यह प्रशिक्षण 11 जुलाई से पुलिस लाइन में शुरू होगा। शासन ने अब प्रशिक्षार्थियों की संख्या भी बढ़ा दी है। पहले रामपुर में 350 सिपाहियों प्रशिक्षण दिया जाना था,लेकिन अब यह संख्या 450 पहुंच गई है। प्रशिक्षण को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपने स्तर से तैयारियाों को तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक डा.विपिन ताडा ने बताया कि प्रशिक्षण अब 11 जुलाई से प्रदेश भर में शुरू होना है इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले में 90 महिला सिपाही भी प्रशिक्षण लेंगी।
रामपुर के 30 प्रशिक्षार्थी दूसरे जनपदों में जाएंगे
रामपुर। रामपुर के 30 प्रशिक्षार्थियों का प्रशिक्षण दूसरे जनपदों में होगा। एसपी डा.विपिन ताडा ने इन प्रशिक्षार्थियों से पुलिस लाइन में मुलाकात की। साथ ही उनको टिप्स दिए। इस दौरान पुलिस परिवार में उनका स्वागत भी किया।