ठियोग (रामपुर बुशहर)।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के ठियोग-कुमारसैन विस क्षेत्र से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद राकेश सिंघा ने ठियोग में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। सिंघा ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल नवउदारवाद की नीतियों को बढ़ावा दे रही हैं। गुड़िया को न्याय दिलाने के लिए माकपा ने आम जनता के साथ मिलकर आंदोलन को सफल बनाया।
गरीब किसानों और बागवानों के सेब के पेड़ों पर आरी चलाकर उन्हें बेघर किया गया। यह सब मुख्यमंत्री के इशारे पर ही हुआ है। आज जनता को तीसरे विकल्प की जरूरत है। सीपीआईएम जनता के लिए तीसरे विकल्प के रूप में उभर आई है। कोटखाई में गुड़िया हत्याकांड हुआ तो सरकार के इशारों पर गठित की गई एसआईटी की टीम ने सबूतों को नष्ट किया है। सिंघा ने बताया कि आज प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सेवाएं पूरी तरह से चरमरा गई हैं। जनता के अहम और खास मुद्दों को लेकर सीपीआईएम प्रदेश भर में चुनाव लड़ेगी। इस दौरान सीपीआईएम नेता संदीप वर्मा, विद्या सागर, बालकृष्ण बाली, महेंद्र वर्मा, संजीव वर्मा, राकेश गोलू के अलावा कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।