कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
तहसील कुमारसैन की ग्राम पंचायत जार, करेवथी, मलेंडी में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य व बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स ने लाखों रुपये के योजनाओं के शिलान्यास किए। बागवानी मंत्री ने कुमारसैन में 64 लाख की राशि से बनने वाले पुलिस भवन के द्वितीय चरण का शिलान्यास किया। इसमें पुलिस विभाग का दफ्तर और रिहायशी कॉलोनी का निर्माण किया जाएगा।
34 लाख की राशि से बनने वाली उठाऊ पेयजल योजना का शिलान्यास, जार पंचायत के घरेवती से टिप्पर संपर्क मार्ग का भूमि पूजन, फराल खड्ड से मच्छी मधावनी संपर्क मार्ग का भूमि पूजन किया। इससे पहले ग्राम पंचायत मलेंडी के पूर्व प्रधान व एपीएमसी निदेशक उज्ज्वल सेन मेहता की अगुवाई में धाली और फराल ग्राम वासियों ने मंत्री विद्या स्टोक्स का जोरदार स्वागत किया। बागवानी मंत्री ने धाली में नाग देवता मंदिर परिसर में सामुदायिक हाल के लिए एक लाख और वीर देवता मंदिर फराल के जीर्णोद्धार के लिए एक लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। पूर्व प्रधान उज्ज्वल सेन मेहता और स्थानीय लोगों ने कुमारसैन क्षेत्र में चहुंमुखी विकास के लिए प्रदेश सरकार और बागवानी मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आने वाले चुनाव में कांग्रेस पार्टी को बहुमत देने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान एचपीएमसी उपाध्यक्ष प्रकाश ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नारकंडा अध्यक्ष प्रमोद चौहान, पंचायत समिति नारकंडा अध्यक्ष मीरा शर्मा, उपाध्यक्ष शमा कैंथला, पंचायत परिषद नारकंडा अध्यक्ष अमर सिंह नलवा, ग्राम पंचायत जार प्रधान आरती निर्मोही सहित कई विभागों के अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।