निकाय चुनावों की दुंदुभि बजी
रामपुर। निकाय चुनाव में 4.33 लाख वोटर आठ निकायों के आठ चेयरमैन के साथ ही 188 सदस्यों का चुनाव करेंगे। सरकार के नवंबर में चुनाव कराने के फैसले के बाद गहमागहमी फिर से बढ़ने लगी है। सरकारी तौर पर भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
नगर निकायों का कार्यकाल अब पूरा होना शुरू हो गया है लेकिन इससे पहले ही सरकारी स्तर पर तैयारियों को तेज कर दिया गया था। अप्रैल माह में निकाय चुनाव को लेकर मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का कार्य कराया गया था साथ ही वार्डों के परीसीमन से लेकर आरक्षण तक के काम को अंजाम दिया गया था,लेकिन यूपी सरकार ने निकाय चुनाव टाल दिए थे। अब सरकार ने नवंबर में चुनाव कराने का फैसला लिया है। इस फैसले के बाद सरकारी स्तर पर तैयारियां फिर से शुरू कर दी गई हैं। चुनाव के लिए निकायों में सरगर्मी बढ़ना शुरू हो गई है। सरकार के इस फैसले के बाद अब फिर से तैयारियां की जा रही हैं। रामपुर में पांच नगर पालिकाओं के साथ ही तीन नगर पंचायतों में चुनाव कराया जाएगा। इसी को लेकर अब तैयारियां की जा रही हैं।