सीआरपीएफ आतंकी हमला, आतंकी पेश नहीं पहुंचे गवाह
रामपुर। सीआरपीएफ कैंप पर हुए आतंकी हमले के मामले में बृहस्पतिवार को मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आतंकी तो पेश किए गए,लेकिन गवाह फिर नहीं पहुंचे,जिसके चलते सुनवाई टल गई। अब इस मामले की सुनवाई 27 जुलाई को होगी।
सीआरपीएफ कैंप पर 31 दिसंबर 2007 की रात में हुए आतंकी हमले के मामले की सुनवाई इन दिनों कोर्ट में चल रही है। आतंकी हमले में सात जवान शहीद हो गए थे,जबकि एक रिक्शा चालक की मौत हो गई थी। इस घटना के चालीस दिन बाद पुलिस व एटीएस की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बाद में चार्जशीट भी दाखिल की गई थी। इस मामले में बृहस्पतिवार को सुनवाई हुई। पुलिस की ओर से इस मामले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बरेली व लखनऊ जेल में बंद सभी आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेशी के दौरान गवाह पेश किया जाना था,लेकिन इस मामले में अभियोजन की ओर से कोई गवाह पेश नहीं किया जा सका,जिसके बाद इस मामले की सुनवाई टल गई। अब इस मामले की सुनवाई 27 जुलाई को होगी। बचाव पक्ष के अधिवक्ता जमीर रिजवी ने बताया कि कोई गवाह पेश नहीं किया गया। इसके साथ ही इस मामले में दो गवाहों तत्कालीन सिविल लाइंस इंसपेक्टर व सीओ सत्य प्रकाश शर्मा व एक अन्य दरोगा को फिर से कोर्ट में तलब करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था उस पर भी अभी सुनवाई नहीं हुई है। अब इस मामले की सुनवाई 27 जुलाई को होगी। उधर अमर यात्रियों पर हमले के बाद आतंकियों की पेशी के लिए इस बार विशेष चौकसी बरती गई, अतिरिक्त पुलिस लगाई गई थी।