जिले भर में आजादी की 72 वीं सालगिरह धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर देश की एकता और अखंडता की शपथ दिलाई गई साथ ही शहीदों का नमन भी किया गया। इस दौरान जिले भर में पूरी आन-बान शान के साथ तिरंगा लहराया गया।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्य समारोह गांधी समाधि पर ध्वजारोहण के साथ किया गया। यहां पर प्रदेश के सिंचाई एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने गांधी जी की समाधि पर पुष्प अर्पण करते हुए ध्वजारोहण किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता असंख्य वीरों के संघर्ष एवं बलिदान का परिणाम है। राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर असंख्य वीरों के संघर्ष एवं बलिदान को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए बेहतर अवसर मिलता है। इस दौरान उन्होंने साइकिल दौड़ एवं खेलकूद प्रतियोगिता के अन्तर्गत विजेताओं को स्मृृति चिन्ह एवं पुरस्कार वितरित किए। राज्यमंत्री ने कहा कि आजादी के 71 वर्षों में देश में लगातार विभिन्न क्षेत्रों में उन्नति के ऊचॉईयों को छुआ है।
कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ग के सर्वागींण विकास के लिए संकल्पबद्ध है। शिक्षा के सम्बन्ध में उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्राथमिक विद्यालयों में पुस्तकें, बैग, डेऊस के साथ-साथ बच्चों को बैठने के लिए फर्नीचर की व्यवस्था भी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, जो बेहतर शिक्षा का माहौल बनाने में अत्यन्त महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महेन्द्र बहादुर सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डा. विपिन ताडा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम महें्द्र बहादुर सिंह ने ध्वजारोहण कर कहा कि हमारा सदैव यह प्रयास रहना चाहिए कि हम राष्ट्र की सेवा में अपना प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से योगदान करें। इस दौरान राज्यमंत्री ने अफसरों के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट परिसर में वृृक्षारोपण किया तथा लोगों को प्रदेश सरकार के स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर 9 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य को पूर्ण करने का भी आह्वान किया।