रामपुर। बिजली विभाग के संविदा कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर दिया। कर्मचारियों ने अपने अपने बिजलीघरों पर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने बिजली संविदा कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिलाने की मांग की है।
प्रांतीय आहवान पर उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले बिजली कर्मी अजीतपुर बिजलीघर पर एकत्र हुए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। जिलाध्यक्ष राजकुमार यादव ने कहा कि यूपी पावर कार्पोरेशन ने किसी भी प्रकार से संविदा कर्मचारियों से वार्ता नहीं की है। ऐसे में केंद्रीय आहवान पर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार कर दिया है। उन्होंने बिजली विभाग के सभी संविदा कर्मी नियमित कर्मी से अधिक काम करते हैं, लेकिन इसके बाद भी उनके काम का सही मानदेय नहीं दिया जाता है। ठेकेदार कर्मचारियों से कमीशन की मांग करते हैं, जिससे शोषण होता है। उन्होंने संविदा कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिलाने, ईपीएफ घोटाले की जांच कराने, लाइन पर काम करते समय संविदा कर्मी के साथ दुर्घटना होने पर मुआवजा दिलाने, विभागीय मस्ट्रोल लागू करने एवं कमीशनखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर धीरेन्द्र मोहन सक्सेना, मयंक गोयल, अब्दुल फरीद, विजय रावत, संजय सैनी, मोहम्मद लईक, सुनील दिवाकर, अमित सक्सेना, शक्ति सिंह, विपिन सक्सेना, दीपक गौतम, जयवीर सिंह, रमेश कुमार, ताज मोहम्मद, मुनीश सक्सेना आदि उपस्थित रहे।