रामपुर। जिलाधिकारी के आदेश के बाद सभी तहसीलों में राशन समाधान दिवस आयोजित किया गया। एसडीएम ने अपनी अपनी तहसीलों में राशन संबंधी शिकायतें सुनीं। इनमें अधिकांश शिकायतें राशन कार्ड बनवाने और यूनिट बढ़वाने को लेकर थी। साथ ही वितरण में गड़बड़ी को लेकर लोगों ने अफसरों ने गुहार लगाई। सभी शिकायतों को निस्तारण के लिए पूर्ति विभाग को भेज दिया गया है।
जिले की राशन वितरण प्रणाली को लेकर लोगों की अधिक शिकायतें रहती थीं। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह के पास भी अधिकांश शिकायतें राशन को लेकर आती थीं, जिसको लेकर जिलाधिकारी ने पूरे जिले की सभी तहसीलों में मंगलवार को राशन समाधान दिवस का आयोजन करने के निर्देश दिए थे। इसके चलते तहसील सदर में भी राशन समाधान दिवस मनाया गया। सुबह से ही लोग राशन संबंधी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचना शुरु हो गए। किसी की राशन वितरण में गड़बड़ी को लेकर शिकायत थी, तो किसी की कुछ और। अधिकांश शिकायतें राशन कार्ड बनवाने एवं यूनिट बढ़वाने को लेकर थी। उप जिलाधिकाथरी सदर प्रेम प्रकाश तिवारी ने लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से सुना और पूर्ति विभाग को सभी समस्याओं को निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राशन वितरण में किसी भी तरह की दिक्कत आने दी जाएगी। पूरा प्रयास रहेगा कि लोगों को आसानी से राशन उपलब्ध हो।