रामपुर। जिले की पांच श्रेष्ठ, सुंदर, स्वच्छ और विकसित ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए सभी ग्राम पंचातयों से 10 जून तक आवेदन लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना के तहत यह आवेदन अप्रैल माह में मांगे गए थे लेकिन, तकनीकी कमी और फिर चुनावी व्यस्तता के कारण आवेदन नहीं हो सके थे।
ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्य, स्वच्छता, ओडीएफ मुहिम का असर जानने के साथ ही ग्राम प्रधानों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करने की मंशा से सरकार की ओर से मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना संचालित की जाती है। योजना के तहत पूरे प्रदेश में करीब पौने चार सौ ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा तो हर जिले से पांच ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार के लिए ग्राम प्रधान को 10 जून तक हमारी पंचायत पोर्टल पर आवेदन करना होगा। जिसमें पोर्टल पर दी गई प्रश्नावली में 45 प्रश्नों का उत्तर देना होगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायत में विकास कार्य और अन्य बिन्दुओं का आंकलन 100 नंबरों पर होगा। इसमें कम से कम 45 अंक हासिल करने वाली ग्राम पंचायत योजना का हिस्सा बन सकेंगी। जिला पंचायत राज अधिकारी डा. शरनजीत कौर ने बताया कि 10 जून तक आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद इस डाटा को फ्रीज कर भेज दिया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक से अधिकतम दो ग्राम पंचायतों को ही इसमें शामिल किया जाएगा।