रामपुर। मई माह में मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजित करने का लक्ष्य कोई भी ब्लॉक पूरा नहीं कर सका। जबकि विलंबित भुगतान की समीक्षा में भुगतान की स्थिति भी काफी खराब पाई गई। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारी व एपीओ को कारण बताओ नोटिस व चेतावनी जारी की है। नोटिस में तीन दिन में जवाब मांगा गया है।
मई माह में मनरेगा के तहत 305786 मानव दिवस सृजित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके बावजूद 27 मई तक मात्र 92941 यानि 30.39 प्रतिशत मानव दिवस सृजित हो सके हैं। इसके साथ ही श्रमिकों के विलंबित भुगतान की स्थिति भी काफी खराब है। श्रमिकों को उनकी मजदूरी का भुगतान भी समय से नहीं किया जा रहा है। सीडीओ शिवेंद्र कुमार सिंह ने जब मनरेगा की समीक्षा की तो इन तमाम कमियों पर नाराजगी जताई और सभी खंड विकास अधिकारियों व एपीओ को कारण बताओ नोटिस व चेतावनी जारी कर कार्य में सुधार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति न होने पर प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। उन्होंने सभी ब्लाकों को मानव दिवस सृजन का दैनिक लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।