रामपुर। काजी ए शरआ सैयद शाहिद अली हसनी रिजवी के साथ तमाम तहसीलों के जमाअत और मसलकों के नुमाइंदों ने जिलाधिकारी और पालिकाध्यक्ष से मुलाकात कर बकरीद के इंतजामों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
डीएम से मुलाकात में छह बिन्दु प्रमुखता से रखे गए। जिसमें तीन दिन तक कुर्बानी की रस्म शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने, शरीअत ए मुतहरा और कानून के अनुसार जानवरों को काटने और लाने-ले जाने में रुकावट न पैदा की जाए, कुर्बानी के बाद सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने, कंट्रोल रूम बनाने की मांग शामिल रही। इसके साथ ही पालिकाध्यक्ष से मुलाकात कर कुर्बानी के बाद जानवरों के फुजलात के लिए मजबूत थैलों का इंतजाम कराने, प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, कूड़ाघर से कूड़ा उठवाने की मुकम्मल व्यवस्था करने की मांग की गई। काजी ए शरआ ने कुर्बानी करने वालों और कुरैशी समाज के लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि आम चौराहों और भीड़ वाले स्थान पर जानवर न लाएं, सड़क पर जानवर न बांधे और जानवर बांधने वाले स्थान पर पर्दे का इंतजाम करें, जानवरों को भूखा-प्यासा न रखें, कम उम्र और जख्मी-बीमार जानवरों को न काटने, कुर्बानी के जानवरों के फुजलात आम रास्तों और कूड़ाघर के बाहर न डालने आदि को कहा गया।