विधायक निधि से निकाले आठ लाख, पर नहीं बन सकी सड़क
रामपुर। विधायक निधि से सड़क बनवाने के लिए खंड विकास कार्यालय को करीब आठ रुपये मिले। किन्तु, रुपये तो गायब हो गए, लेकिन सड़क नहीं बन सकी। अब पूर्व विधायक नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने डीएम से शिकायत की है।
पूर्व विधायक का कहना है कि 13 सितंबर 2016 को ग्राम बादली में मेन रोड से रफीक के घर तक सीसी रोड स्वीकृत हुई थी। इस सड़क पर 12.99 लाख रुपये खर्च होने थे, जिसके बदले जिला ग्राम्य विकास अभिकरण ने कार्यदायी संस्था खंड विकास कार्यालय स्वार को 7.79 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए गए। रुपये जारी होने के बाद भी दस माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण नहीं हो सका। जबकि, खाते से रुपये निकाले जा सके हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि इसको लेकर पूर्व में भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाए कि धनराशि निकलने के बाद भी सड़क का निर्माण क्यों नहीं हुआ? यह विकास कार्यों में धांधली का प्रमाण है। उन्होंने शीघ्र ही सीसी रोड का निर्माण कराने की मांग की है।