रामपुर। आकाशवाणी केंद्र में हिंदी पखवाड़े का समापन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने राजभाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ यश भारती पुरस्कार से सम्मानित गीतकार डा. माहेश्वर तिवारी ने दीप प्रज्जवलित करके किया। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रमुख एवं राजभाषा अधिकारी शोभित शर्मा ने राजभाषा स्वरूप पर प्रकाश डाला। उन्होंने हिंदी के परिवर्तित रूप की स्वीकारिता और अनिवार्यता की ओर सक्रिय कदम उठाने पर भी जोर दिया। डा. माहेश्वर तिवारी ने भाषा एवं संवाद, हिंदी भाषा की ग्रहणशीलता व जन स्वीकारिता आदि बिंदुओं पर प्रकाश डाला। हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित निबंध लेखन, हिंदी प्रश्न मंच, मौखिक एवं लिखित आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें विजेताओं को भी शुक्रवार को प्रमाण पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. विनय प्रकाश वर्मा, हरीशचंद्र सक्सेना आदि मौजूद रहे।