शाहबाद के डेढ़ सौ गांव की चालू नहीं हो पाई बिजली
शाहबाद (रामपुर)। शुक्रवार रात आई तेज आंधी तूफान से शाहबाद क्षेत्र की ठप हुई बिजली दूसरे दिन भी चालू नहीं हो सकी,जिसकी वजह से क्षेत्र के डेढ़ सौ गांव में अभी भी अंधेरा छाया हुआ है। लोग मोबाइल भी चार्ज नहीं कर पा रहे हैं। लोगों में बिजली विभाग केखिलाफ जबर्दस्त आक्रोश है।
शुक्रवार की रात में क्षेत्र में आंधी व तूफान से भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्र में करीब तीन सौ खंभे टूट जाने के कारण क्षेत्र की विधुतापूर्ति ठप हो गई है। विद्युत विभाग द्वारा काफी प्र्रयास करने के बाद नगर की विधुतापूर्ति तो सुचारू कर दी गई। लेकिन ग्रामीण क्षेत्र की टूटी पड़ी विधुत लाइनें रविवार को दूसरे दिन भी ठीक नहीं हो सकी। जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्र के 150 गांवों की विधुतापूर्ति दूसरे दिन भी ठप रही। दूसरे दिन भी विधुतापूर्ति ठप रहने के कारण गांवों के लोग मोबाइल चार्ज करने को भी परेशान रहे और मोबाइल चार्ज न होने के कारण वे जरूरी काम होने के बाबजूद भी अपने परिचितों व रिश्तेदारों से बात नहीं कर सके। विधुत विभाग के अवर अभियंता विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आज रात तक कुछ गांवों की विधुतापूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। लाइनमैन लाइनों को ठीक करने में जुटे हुए है।