रामपुर बुशहर।
रामपुर के लोगों को नया पुस्तकालय मिल गया है। इसके अलावा युवाओं को शहर में नए जिम की सुविधा उपलब्ध हो गई है। बच्चों के मनोरंजन के लिए पुराने बस स्टैंड के पास पार्क भी खोल दिया गया है। पुस्तकालय, जिम और पार्क के निर्माण पर कुल 1.32 करोड़ रुपये की राशि खर्च किए गई है। इस पर नगर परिषद का नियंत्रण रहेगा।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पुस्तकालय, जिम और पार्क का लोकार्पण किया। मौके पर रामपुर में मुख्य संसदीय सचिव नंद लाल, नगर परिषद रामपुर अध्यक्ष मीना कुमारी, उपाध्यक्ष दीपक सूद सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। सीपीएस नंद लाल ने कहा कि पुस्तकालय खुलने से स्थानीय लोगों और छात्राओं को सुविधा मिलेगी। स्कूल और कॉलेज के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने में आसानी होगी। रामपुर नगर परिषद की ओर से निर्मित पुस्तकालय में 85 लोगों की बैठने की क्षमता है, जबकि इस पुस्तकालय में प्रतियोगिता के लिए सभी प्रकार के पुस्तकें उपलब्ध हैं। जहां पुस्तकालय, पार्क और जिम बनाया गया, वहां पर बस अड्डा बना हुआ था। इस बस अड्डे को पाटबांगले के पास शिफ्ट किया गया था। हालांकि पुराने बस अड्डे रामपुर से आने-जाने वाली बसों का यह स्टॉपेज भी था। इस स्टॉपेज को चौधरी अड्डे के पास ले जाया गया है। पुराने बस अड्डे के भवन में पुस्तकालय और जिम की सुविधा दी गई है। इस भवन के बाहर बच्चों के मनोरंजन के लिए पार्क बनाया गया है। इस दौरान नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी, पार्षद ध्रुव शर्मा, नीलम, रीता, उषा चौहान, नरेश नेगी, विजय गोयल, चूड़ामणि, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रामपुर जसवीर ठाकुर, व्यापार मंडल प्रधान हरीश गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।