अमर उजाला ब्यूरो
कुमारसैन(रामपुर बुशहर)।
कुमारसैन उपमंडल के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मलैंडी के भवन की दीवार का एक हिस्सा वीरवार रात को ढह गया, जिससे स्कूल भवन को खतरा बना है। मामले को लेकर मलैंडी पंचायत के पूर्व प्रधान उज्ज्वल सैन मेहता, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विनोद वर्मा और स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र ठाकुर बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स से बड़ागांव में मिले और स्कूल भवन की जल्द मरम्मत करने की मांग की।
मलैंडी स्कूल के प्रधानाचार्य ने बताया कि स्कूल की दीवार की मरम्मत के लिए बीते वर्ष दिसंबर माह में लोक निर्माण विभाग को 6 लाख रुपये की राशि दी गई थी। 6 महीने बाद भी दीवार की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिस कारण अब स्कूल भवन के लिए खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने बताया कि स्कूल में 86 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से समय रहते भवन की दीवार की मरम्मत करने की मांग की है, ताकि कोई हादसा पेश न आए।
शुक्रवार को एसडीएम कुमारसैन नीरज गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ मलैंडी स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को भवन के उस भाग को पूरी तरह से बंद करने के आदेश दिए, जहां से दीवार गिर रही है। साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग को जल्द से जल्द मरम्मत करने के निर्देश दिए। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, एसडीओ पवन गुप्ता मौजूद रहे। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन उमेश शर्मा ने कहा कि जल्द ही स्कूल भवन की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा।