स्थानीय थाना क्षेत्र में पुलिस ने कैंटर में ड्रमों में लदी 14 सौ लीटर शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार को सुबह करीब सादे नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के गांव ढक्का नगलिया निवासी, मुंसफ अली और मुरादाबाद निवासी महेंद्र ग्राम ढक्का नगलिया निवासी असलम के घर के सामने कच्ची शराब बना रहे हैं। सूचना मिलने पर दरोगा पंकज चौधरी सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घर की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही असलम तथा महेंद्र भाग निकले जबकि उसके साथी मुंसफ को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से असलम के घर के सामने खड़े कैंटर से 1400 सौ लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के लिए सामान बरामद किया। पकडे़ गए आरोपी मुन्सफ अली ने बताया कि उन्होंने केमिकल लाने के लिए गाड़ी में तेल के टैंक के साथ ही 450 लीटर का एक और टैंक बनवा रखा था जिसमें वे अवैध तरीके से केमिकल को भर कर लाते हैं और उसे नकली शराब बना कर मार्केट में बेच देते है। प्रभारी निरीक्षक रामपाल सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी अवैध शराब का बड़ा कारोबारी है।