रामपुर। दस सितंबर से शुरू होने वाले मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजियों के जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। नए रास्तों से ताजियों के जुलूस निकाले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। साथ ही जुलूस को लेकर होने वाले विवादों को जुलूस से पहले निपटाने के आदेश जारी किए हैं।
मोहर्रम दस सितंबर से शुरू होंगे। 21 सितंबर को मोहर्रम के मौके पर ताजियों का दफन किया जाएगा। इस दौरान ताजियों के जुलूस निकलते रहेंगे। मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस व प्रशासन ने अपना प्लान तैयार कर लिया है। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह एवं पुलिस अधीक्षक शिव हरि मीणा ने संयुक्त रूप से पुलिस व प्रशासन के अफसरों को गाइड लाइन जारी कर दी है। उन्होंने साफ किया है कि ताजियों के जुलूस को लेकर कोई विवाद नहीं होना चाहिए। नए रास्तों से ताजियों के जुलूस नहीं निकाले जाएं। किसी भी प्रकार की कोई कोताही नहीं बरतनी चाहिए। साफ किया गया है ताजियों के जुलूस के दौरान जुलूस के रास्ते में आने वाले तारों में बिजली की सप्लाई नहीं की जाए। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को भी मुकम्मल किया जाए। साफ किया गया है, जहां ताजिए दफन किए जाएं उस जमीन की भी जांच कर ली जाए। उस पर भी किसी तरह का कोई विवाद न आए। मोहर्रम को हर हाल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। किसी भी प्रकार को अशांति न फैल पाए। साफ किया है कि यदि कहीं कोई लापरवाही बरती गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।