ट्रेनें 33 घंटे तक विलंब से, यात्री परेशान
रामपुर। रेलवे ट्रैक की मरम्मत कार्य ने रेलवे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मरम्मत कार्य के कारण बिहार की ओर से संचालित होने वाली ट्रेनें घंटों विलंब से आ रही हैं। वहीं मुरादाबाद क्षेत्र में भी मरम्मत कार्य के कारण रेल यातायात प्रभावित है। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे अफसरों के मुताबिक बिहार व मुरादाबाद क्षेत्र में मरम्मत कार्य चल रहा है। इससे आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों का संचालन प्रभावित हो रहा है। मरम्मत कार्य के कारण ट्रेनें दो घंटे से लेकर 33 घंटे तक के विलंब से पहुंच रही हैं। अप दिशा में चल रही प्रमुख गाड़ियों में सहरसा-अमृतसर (जनसेवा एक्सप्रेस) शनिवार को 33 घंटे के विलंब से चल रही थी। बरेली-भुज (आला हजरत एक्सप्रेस) करीब साढ़े आठ घंटे, इलाहाबाद-सहारनपुर (नौचंदी एक्सप्रेस) 8 घंटे, जयनगर-अमृतसर (सरयू-यमुना एक्सप्रेस) 15 घंटे विलंब से चली। वहीं डाउन दिशा में अमृतसर-हावड़ा (पंजाब मेल) 16 घंटे विलंब, सियालदाह एक्सप्रेस दो घंटे विलंब से संचालित हुई। प्रमुख ट्रेनों के घंटों के विलंब से पहुंचने के कारण यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुरादाबाद में भी मरम्मत कार्य के चलते 17 अक्तूबर तक काठगोदाम-रामनगर पैसेंजर रामपुर से ही वापस जा रही है तो लखनऊ-सहारनपुर पैसेंजर का संचालन भी बाधित है।