मुस्लिम समाज ने लिया गोसेवा का संकल्प
रामपुर। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच एवं गुलशन वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गो सेवा का संकल्प लिया गया। साथ ही गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की। कार्यक्रम में गो सेवा संदेश के साथ पैदल यात्रा कर रहे मोहम्मद फैज खान को भी सम्मानित किया गया। इसके बाद सदस्यों ने गोशाला में गोसेवा भी की।
बजोड़ी टोला मोहल्ले में हुए कार्यक्रम में डा. खालिद अली और वसीम खां सहित अन्य मुस्लिम समाज के लोगों ने मोहम्मद फैज खान का स्वागत किया। मोहम्मद फैज खान ने कहा कि नबी ए करीम की हदीस है कि गाय का दूध शिफा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश मुस्लिम बादशाहों के दौर में भी हिंदुस्तान में गोकशी प्रतिबंधित थी। केंद्र सरकार को गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए, जिसका मुस्लिम समुदाय समर्थन करेगा। मोहम्मद फैज खान पैदल यात्रा में लेह से चलकर रामपुर पहुंचे हैं। वो लेह से कन्याकुमारी और अमृतसर तक पैदल यात्रा के माध्यम से लोगों को गोसेवा का संदेश देकर गाय का महत्व समझा रहे हैं। इसके बाद गुलशन वेलफेयर सोसायटी व राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के कार्यकर्ताओं ने मोहम्मद फैज खान के साथ गोशाला जाकर गाय की सेवा की। गाय को चने खिलाए।
इस दौरान डा. शहजाद खां, सलीम खां, शाहिद हुसैन खां, फरहा अबरार, गुलशन, शगुफ्ता, अतीक, शादाब, गफ्फार, तौफीक, रईस, जब्बार मियां आदि मौजूद रहे। इसके साथ ही मोहम्मद फैज खान का स्वागत कर रंगोली मंडप में भी गोसेवा पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें गो सेवा के महत्व को बताया गया।