42 करोड़ से नौ नये राजकीय इंटर कालेज बनाने की कवायद
रामपुर। जिले में नौ नये राजकीय इंटर कालेज के निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। इस पर करीब 42 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सीएंडडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) ने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के माध्यम से प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के तहत राजकीय इंटर कालेज खोले जा रहे हैं। रामपुर में भी इस साल नौ नए राजकीय इंटर कालेज खुलेंगे, जिनमें सात राजकीय इंटर कालेज तो सिर्फ बिलासपुर तहसील में ही खोले जाने हैं। इनमें ग्राम मालनखेड़ा, गोटिया, बेगमाबाद, बजरिया खुर्द, पदपुरी, मुल्लाखेड़ा, कमुआ नगला में राजकीय इंटर कालेज बनाए जाएंगे। इसके अलावा चमरौआ के ग्राम मडैयान शादी और ग्राम जुठिया में इंटर कालेज खुलेंगे। एक कालेज पर लगभग 4.58 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी। वहीं, बिलासपुर के रसूलपुर में प्राथमिक विद्यालय, चमरौआ के ग्राम बगी में प्राथमिक विद्यालय और ग्राम चमरौआ में उच्च प्राथमिक विद्यालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज की ओर से प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। यह प्रस्ताव अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के जरिए शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद स्कूल व कालेजों का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।