म्यांमार में रोहिंग्या मुसलमानों पर बंद हो जुल्म
रामपुर। ऑल इंडिया मुस्लिम फेडरेशन के सदस्यों ने म्यांमार में रोहिंग्या मुसलमानों के साथ हो रहे जुल्म बंद करने की मांग की है। इसको लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। शुक्रवार को फेडरेशन के सदस्य एकत्र होकर कलेक्ट्रेट आ गए। इसके बाद नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट ओमप्रकाश को सौंपा। उनका कहना था कि म्यांमार में सरकार के फौजियों और बुद्ध मजहब को मानने वाले बाशिंदों के जरिए हजारों मुसलमानों का कत्ल किया जा चुका है। पूरी- पूरी बस्तियों को मिटा दिया गया है। मुसलमानों पर जुल्म के पहाड़ तोड़े जा रहे हैं। इस घटना ने पूरी दुनिया को इंसानियत को हिलाकर रख दिया है। करीब एक लाख मजलूम अपने घर बार छोड़ने को मजबूर हैं। कहा कि भारत हमेशा से एक अमनपसंद मुल्क रहा है। ऐसे में इस वक्त भारत के प्रधानमंत्री को चाहिए कि वह म्यांमार सरकार से बात करें और वहां के मुसलमानों की हिफाजत कराएं। इस अवसर पर शहर अध्यक्ष बाबू अली खां, इमरान खां, तारिक खां, जीशान खां, एहतेशाम खां, दिल्लन खां, तनवीर अहमद, अशरफ खां, मोहम्मद नाजिम, मोहम्मद फारूख, फरीद अहमद आदि मौजूद रहे। उधर, अखिल भारतीय राहुल गांधी ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने भी म्यांमार में मुसलमानों के साथ हो रहे जुल्म के विरोध में बाइक रैली निकाली। इस मौके पर सैय्यद विक्की मियां, गुलवेज खां, समी खां, जीशान खां, सादिक हसन, शुऐब, फराज, इस्हाक अली आदि मौजूद रहे।