जौहर विवि में सफाई कर्मी लगाने वाले अफसर पर होगी कार्रवाई
शाहबाद। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य मंजू दिलेर ने सोमवार को सफाई कर्मियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अव्यवस्थाओं पर नाराजगी भी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार से वेतन लेने वाले 32 कर्मचारी जो जौहर विवि में काम कर रहे थे उन्हें विवि से हटवा दिया गया है। अब उस अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की संस्तुति की गई है, जिसने इन सफाई कर्मियों को जौहर विवि में लगवाया था।
मंजू दिलेर के नगर पंचायत कार्यालय पहुंचने पर सफाई कर्मचारियों ने ढोल-नगाड़े बजाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने समस्याएं सुनीं। जिसमें सफाई कर्मचारियों ने संविदा कर्मियों को साढ़े सात हजार का मानदेय निर्धारित होने के बावजूद ठेकेदार द्वारा साढ़े चार हजार रूपये का भुगतान किए जाने की शिकायत की। जिस पर उन्होंने एसडीएम व एडीएम से तत्काल इस मामले में संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। नगर पंचायत कार्यालय में एक सप्ताह से ईओ का पद खाली पड़े होने तथा वरिष्ठ लिपिक और पेंशन लिपिक न होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि सफाई कर्मचारियों के उत्थान के बिना स्वच्छ भारत मिशन का सपना साकार नहीं होगा। क्योंकि सफाई कर्मचारी ही इस अभियान की रीढ़ है। उन्होंने बिना काम करने वाले बीसी तथा सामान्य के लोगों को भी सफाई कर्मचारी के पद से हटाए जाने की बात कही। वाल्मीकि समाज की बेरोजगारी दूर करने के लिए नौकरियों निकाले जाने की बात कहीं। साथ ही सातवां वेतन आयोग लागू करने की सिफारिश किए जाने का भी लोगों को भरोसा दिलाया। मृतक आश्रितों की तत्काल नियुक्ति कराए जाने को भी कहा। इस दौरान दुर्गाप्रसाद वाल्मीकि, हरिओम वाल्मीकि, रवि वाल्मीकि, मनोज कुमार वाल्मीकि, राजेंद्र सहदेव, गजराम सिंह, हरीश वाल्मीकि, सुरेश बाबू गुप्ता, वेद प्रकाश चंद्रवंशी, कुंवरपाल सिंह, विवेक पांडे, हरिओमविकल, विकास आदि मौजूद रहे। इसके बाद मंजू दिलेर अनवा गांव पहुंची जहां उन्होंने वाल्मीकि समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए समाज उत्थान के लिए बच्चों की शिक्षा पर बल दिया।