दढ़ियाल (रामपुर)। हर गांव और मझरों को मुख्य सड़क से जोड़ना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है क्योंकि सड़क निर्माण से ही देश का निर्माण होता है। यह शब्द सांसद डॉ नेपाल सिंह ने क्षेत्र के ग्राम सरकथल में दो सड़कों के उद्घाटन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहीे।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सांसद ने अपने पुत्र सौरभ के साथ पहले चक मुवाना से सीकमपुर क्रॉसिंग तक प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग चार सौ बहत्तर लाख की लागत से निर्मित 11 किलोमीटर लंबी सड़क का उद्घाटन किया । इसके बाद सरकथल से लाडपुर बीबी तक बनाईं गई करीब 293 लाख की लागत से 6 किलोमीटर 700 मीटर लंबी सड़क का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने सरकथल में आयोजित एक सभा को भी संबोधित किया। इस मौके पर सांसद ने कहा कि देश का असली स्वरुप गावों में दिखाई देता है जिसका विकास अत्यंत आवश्यक है गावों का विकास बिना सड़क के संभव नहीं हैं इसलिए उन्होंने गावों के विकास के लिए अपने क्षेत्र में कई सड़कों और पुलियों का निर्माण कराया है। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम काज से न केवल भारत का तेजी से विकास हुआ है ,बल्कि विश्व स्तर पर भारत का गौरव बढ़ा है। इस अवसर पर पूर्व प्रत्याशी लक्ष्मी सैनी, पन्नालाल सैनी, प्रीतम सिंह कांबोज,कुंवर जगदीप सिंह, दिनेश चौहान,समर सिंह,राजकुमार चौहान, श्रीपाल सिंह योगीन्द्र सिंह, यशपाल सिंह,करन सिंह सैनी ,नवनीत चौहान आदि लोग मौजूद रहे।