सीपीएस रोहित ठाकुर ने कहा कि सरस्वती नगर में उप तहसील के खुलने से नौ पटवार सर्किल व 13 पंचायत के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने सोमवार को सरस्वती नगर में नए उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ किया। कार्यालय के खुलने से लोगों को राजस्व कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। सीपीएस ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की पुरानी मांग पूरी हो गई है। पांच अगस्त को कैबिनेट में इस उप तहसील व 12 पदों को भरने की मंजूरी मिली थी।
स्तरोन्नत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरस्वती नगर में डॉक्टर व पैरा मेडिकल कर्मचारियों के चार पद सृजित हुए हैं। रोहित ठाकुर ने साढ़े छह लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत घर अंटी का भी लोकार्पण किया। कहा कि सरकार ने इस कार्यकाल के दौरान एफसीए के तहत एक सौ सड़कों को मंजूरी मिली है। कोटखाई क्षेत्र में सड़कों के निर्माण व स्तरोन्नत कार्यों के लिए एक सौ करोड़ रुपये, नावर क्षेत्र में 50 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है। जुब्बल क्षेत्र में 90 करोड़ रुपये व्यय कर सड़कों का निर्माण व मरम्मत कार्य को पूरा किया जा रहा है। जिला परिषद सदस्य मोती लाल सिथटा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकासात्मक कार्यों की जानकारी दी। कोपरेटिव बैंक के पूर्व उपाध्यक्ष मस्त राम चौहान, ग्राम पंचायत मांदल के पूर्व प्रधान मदन मोहन शक्ता, पूर्व जिला परिषद सदस्य शारदा ठाकुर, भीम सिंह जौहटा, मंडलाध्यक्ष रमेश चौहान, जुब्बल-कोटखाई मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओपी रांटा, ग्राम पंचायत रावी के प्रधान सुभाष पांटा, बीडीसी उपाध्यक्ष संदीप सेहटा, ग्राम पंचायत मांदल के उप प्रधान सुरेश दुल्टा, डीएसपी मदन कांत सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।