जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव: भाजपा में सियासत गरमाई, अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सदस्यों में ही मतभेद
रामपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव 22 अगस्त को होगा। अध्यक्ष पद के लिए नाम तय नहीं होने के कारण भाजपा में सियासत गरमाई हुई है। सपा के जिला पंचायत अध्यक्ष लाखन का तख्ता पलट कराने वाले केंद्रीय राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की इस मुहिम के बीच में एकाएक सांसद डा. नैपाल सिंह के आने से गुटबाजी की चर्चाएं और तेज हो गई हैं। हालांकि नकवी समर्थकों का दावा है कि सांसद के पास एक भी सदस्य नहीं है फिर भी यह सदस्यों को बरगलाने का काम कर रहे हैं, 14 अगस्त को दिल्ली में नकवी के आवास पर प्रत्याशी तय होगा, जिसमें विरोधी खेमे के सभी 25 सदस्य पहुंचेंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष लाखन सिंह का तख्ता पलट कराने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भाजपा समर्थक को अध्यक्ष बनाने के लिए रणनीति बनाई है। इनके पास 25 सदस्य हैं। इनमें से अनुसूचित जाति के किसी एक सदस्य को अध्यक्ष के पद पर ताजपोशी कराने के लिए रणनीति बनाई गई है। 14 अगस्त को दिल्ली में प्रत्याशी का नाम तय होगा। सदस्यों पर ही प्रत्याशी तय करने का जिम्मा डाला गया है। अंतिम मुहर नकवी खुद लगाएंगे। दावा है कि दिल्ली सभी 25 सदस्य पहुंचेंगे। इस बीच सांसद डा. नैपाल सिंह द्वारा कुछ सदस्यों को फोन करके पूर्व में प्रत्याशी रह चुके लालसिंह का नाम लेकर वोट देने का समर्थन जुटाने का आडियो वायरल होने के बाद भाजपा में गुटबाजी दिखने लगी है। हालांकि सांसद का दावा है कि पार्टी स्तर से इस बार प्रत्याशी नहीं उतारा जाएगा। लिहाजा वह किसी का समर्थन कर सकते हैं। सांसद के बीच में आने से सदस्यों में मतभेद से दिखने लगे हैं, और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अब्दुल सलाम का खेमा जिनके पास 14 सदस्य होने का दावा किया जा रहा है और यह खेमा अलग थलग दिखने लगा है।