परिषदीय स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम देख डीएम बिफरे
रामपुर।
परिषदीय स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बेहद कम है। इसको लेकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई है। साथ ही सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश जारी कर कम से कम 60 फीसदी उपस्थिति कराने को कहा है। इसमें लापरवाही बरतने पर कार्रवाई के लिए भी चेतावनी दी है।
दो अप्रैल से नया शिक्षण सत्र शुरू हो गया है। परिषदीय स्कूलों में पढ़ाई भी शुरू हो गई है, लेकिन अधिकांश स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बेहद कम है। नए पंजीकरण तो दूर जो पंजीकरण हैं, उनमें भी काफी कम बच्चे स्कूल आ रहे हैं। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि यदि किसी भी विद्यालय में लगातार दो दिन तक पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष 60 फीसदी से कम उपस्थिति होती है, तो यह सही नहीं है। इसके लिए संबंधित विद्यालय के शिक्षकों एवं बीआरसी को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि बच्चों की उपस्थिति बढ़ सके। यदि ब्लॉक के तीन स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति 60 फीसदी से कम है, तो उस ब्लॉक के खंड शिक्षाधिकारी को भी कार्यशाला में उपस्थिति होना पड़ेगा। यह व्यवस्था एक माह तक चलेगी। यदि इसके बाद भी यही स्थिति जारी रहती है तो सीधे संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।