छापे में एक लाख के अवैध पटाखे बरामद
रामपुर। अवैध तरीकों से टाखों की बिक्री को रोकने के लिए शुरू किए गए अभियान में पुलिस ने शहर की घनी बस्ती में स्थित एक दुकान से एक लाख रुपये के पटाखे बरामद कर लिए। पुलिस को देख दुकानदार मौके से फरार हो गए। पुलिस दुकानदार की तलाश कर रही है।
शहर में अवैध तरीके से आतिशबाजी की बिक्री की जा रही है। इसकी सूचना के आधार पर पुलिस अब जाग गई है। एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने लगातार छापेमारी कर रही है। गत दिवस पुलिस ने मिस्टन गंज से पांच लाख के पटाखे बरामद किए थे और दो लोग गिरफ्तार किए गए थे। शनिवार को भी पुलिस की छापेमारी का दौर जारी रहा। शहर कोतवाल मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला सेंट्रल बैंक वाली गली में स्थित एक दुकान पर छापा मारा। दुकान में ताले लगे हुए थे। पुलिस ने किसी तरह ताले खुलवाए तो यहां भारी मात्रा में पटाखे बरामद हो गए। पुलिस ने इन पटाखों को जब्त कर लिया और फिर उसे कोतवाली ले गई। पुलिस को देख दुकानदार मौके से फरार हो गया। शहर कोतवाल ने बताया कि यह पटाखे इलयास की दुकान से बरामद हुए हैं। वह फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।