रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत 629 अनुदेशकों को नवीनीकरण का इंतजार है। वैसे तो नवीनीकरण की प्रक्रिया पिछले महीने ही पूरी हो जानी चाहिए थी, लेकिन एक जुलाई से स्कूल खुल जाने के बाद भी अब तक नवीनीकरण आदेश जारी नहीं हुआ है।
परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में संविदा के आधार पर कला शिक्षा, शारीरिक एवं स्वास्थ्य शिक्षा तथा कार्यानुभव शिक्षा के 629 अंशकालिक अनुदेशक कार्यरत है। इन सभी का नवीनीकरण होना था, ताकि एक जुलाई से स्कूल खुलने पर वे कार्य कर सकें।
एक जुलाई से स्कूल खुल चुके हैं। बच्चे अभी नहीं आ रहे हैं, पर शिक्षकों समेत सभी स्टाफ उपस्थित हो रहे हैं। अनुदेशक भी विद्यालय पहुंच रहे हैं। अभी तक नवीनीकरण के संबंध में आदेश जारी नहीं हुआ है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आनंद प्रकाश शर्मा का कहना है कि अनुदेशकों के नवीनीकरण की प्रक्रिया अंतिम दौर में चल रही है। जल्दी ही आदेश जारी हो जाएगा।
कई जिलों में जारी हो चुके आदेश : हिमांशु
अनुदेशक संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष हिमांशु वर्मा का कहना है कि कई जिलों में नवीनीकरण का आदेश जारी हो चुका है, लेकिन यहां अभी नवीनीकरण नहीं हुआ है। कई बार अधिकारियों को पत्र देकर नवीनीकरण की मांग की गई थी, फिर भी अब तक अनुदेशकों का नवीनीकरण आदेश जारी नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि जिले में कार्यरत अनुदेशकों की संख्या 629 है। सभी अनुदेशकों ने पहली जुलाई से विद्यालय खुलने पर स्कूल जाना शुरू कर दिया है।