बछरावां। ठकुराइनखेड़ा गांव के पास मंगलवार रात करीब 7:30 बजे आलमबाग डिपो की बस ने ऑटो रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार एक युवक की मौत हो गई। चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।
ऑटो गुरुबख्शगंज से सवारियां लेकर बछरावां की ओर जा रहा था। वहीं, बस लखनऊ की तरफ जा रही थी। ठकुराइनखेड़ा गांव के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार ताला गांव निवासी वीरेंद्र यादव (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
वीरेंद्र की शादी पिछले साल लालगंज क्षेत्र के इकौली निवासी नीतू से हुई थी। वह दिल्ली में मजदूरी करते थे और दिवाली पर घर आए थे। हादसे में गुरुबख्शगंज निवासी राहुल, शाबिर और ऑटो चालक अमित भी घायल हो गए। तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।